खेल

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड का दमदार प्रदर्शन: प्रिया उरांव ने जीता कांस्य, हॉकी टीम की शानदार जीत

रांची: भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 03 अप्रैल तक रायपुर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल (ट्राइबल गेम्स) में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

तैराकी स्पर्धा के 50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में झारखंड की प्रिया उरांव ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। अब तक झारखंड को इस प्रतियोगिता में कुल 01 रजत एवं 02 कांस्य पदक प्राप्त हो चुके हैं।

वहीं झारखंड पुरुष हॉकी टीम ने अपने दूसरे लीग मुकाबले में आंध्र प्रदेश को 19-1 के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया। इस मैच में डेनिस केरकेट्टा ने 05 गोल, जयमसीह टूटी ने 04, विनीत टोप्पो ने 04, जोसेफ कोनगाड़ी ने 03, सिमोन बोदरा ने 02 तथा जोसेफ टोपनो ने 01 गोल किया।

इस जीत के साथ टीम का मनोबल काफी ऊंचा है और खिलाड़ी आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। टीम की इस सफलता में कोच आदम होरो का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

वहीं टीम मैनेजर मनोहर टोपनो ने भी टीम प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करते हुए खिलाड़ियों का मनोबल ऊंचा बनाए रखा।

झारखंड टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *