खेल

वर्ल्ड स्पोर्ट्स एक्सपोज़र टूर के लिए फ्रांस पहुंचीं झारखंड की स्टार साइकिलिस्ट सरिता कुमारी

रांची, 18 जून। झारखंड की उभरती हुई साइकिलिस्ट सरिता कुमारी वर्ल्ड स्पोर्ट्स एक्सपोज़र टूर के तहत भारतीय दल के साथ फ्रांस पहुंच गई हैं। सरिता आज फ्रांस के हायरेस (Hyeres) शहर पहुंचीं, जहां वह आगामी एक माह तक यूरोपीय साइकिलिंग सर्किट की विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगी।

झारखंड साइकलिंग संघ के अनुसार इस अंतरराष्ट्रीय टूर के दौरान सरिता को यूरोप में आयोजित होने वाली कई प्रतिष्ठित साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें न केवल उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा, बल्कि आधुनिक तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय खेल संस्कृति को समझने का भी मौका मिलेगा।

विशेष बात यह है कि सरिता अपने साथ झारखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई साइकिल भी लेकर फ्रांस गई हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस टूर से उन्हें तकनीकी और व्यावहारिक रूप से काफी लाभ मिलेगा, जो भविष्य में उनके प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में सहायक होगा।

सरिता कुमारी के भारतीय टीम में चयन और फ्रांस रवाना होने पर झारखंड साइकलिंग संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा साथी खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में सरिता अंतरराष्ट्रीय स्तर की बड़ी प्रतियोगिताओं में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगी।

झारखंड साइकलिंग संघ के महासचिव ने बताया कि यह अवसर सरिता के खेल जीवन में महत्वपूर्ण साबित होगा और उनके अनुभव का लाभ झारखंड में साइकिलिंग खेल के विकास को भी मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि सरिता कुमारी वर्तमान में झारखंड की सबसे प्रतिभाशाली महिला साइकिलिस्टों में शामिल हैं और लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से पहचान बना रही हैं। 🚴‍♀️🇮🇳🇫🇷

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *