रांची

झारखंड की रेल मांगें उठीं मजबूती से, रांची में हुआ मंथन

Ranchi : रांची एवं चक्रधरपुर रेल मंडल की मंडल स्तरीय सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को रांची स्थित होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य झारखंड की रेल सुविधाओं, यात्री हितों और चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करना था।

यात्री सुविधाओं और सुरक्षा पर जोर

बैठक में सांसदों और दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच यात्री सुविधाओं के विस्तार, महिला यात्रियों की सुरक्षा, स्टेशन प्रबंधन, साफ-सफाई और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर गंभीर चर्चा हुई। सभी ने यात्री और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत पर सहमति जताई।

राज्यसभा सांसद की ओर से अजय राय ने रखा पक्ष

इस बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा की ओर से उनके अधिकृत प्रतिनिधि अजय राय ने भाग लिया। उन्होंने झारखंड से जुड़ी प्रमुख रेल मांगों को तथ्यों के साथ मजबूती से सदन के सामने रखा।

नई ट्रेनों और ठहराव की मांग

अजय राय ने रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में ट्रेन संचालन व्यवस्था, नई ट्रेनों की मांग, ट्रेनों के विस्तार और प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव जैसे मुद्दे उठाए। इसके साथ ही कोचों की गुणवत्ता, एलएचबी कोच में बदलाव, मेमू शेड, स्टेशन प्रबंधन और ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ की कार्यप्रणाली पर भी सवाल रखे।

वंदे भारत और अमृत भारत पर चर्चा

बैठक में विशेष रूप से वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों के संचालन, लंबी दूरी की ट्रेनों के विस्तार, रांची रेलवे स्टेशन के प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण और मेमू सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की गई।

जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र निर्णय की मांग

अजय राय ने कहा कि ये सभी मुद्दे सीधे तौर पर जनहित, यात्री सुविधा, क्षेत्रीय विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया कि जिन मांगों पर पहले से प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, उन पर जल्द और व्यावहारिक निर्णय लिया जाए।

रेलवे अधिकारियों का आश्वासन

दक्षिण पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने सांसदों की सभी बातों को ध्यान से सुना। कुछ मांगों पर हुई प्रगति की जानकारी दी गई और शेष विषयों पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया गया।

आगे भी उठती रहेंगी झारखंड की रेल आवाजें

अंत में अजय राय ने कहा कि डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा आगे भी संसद और रेलवे से जुड़े हर मंच पर झारखंड के रेल हितों को मजबूती से उठाते रहेंगे, ताकि आम यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *