रांची

झारखंड के पूर्वी सिहभूम में 52 मिमी बारिश दर्ज, 08 को 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रांची, 07 अप्रैल। राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले लगभग 10 दिनों से बादल, बारिश और गर्जन की स्थिति बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा में 52.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने ०8 अप्रैल को राज्य के 17 जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की है। विभाग की ओर से इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

ऑरेंज अलर्ट जिले में रांची, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गुड्डा और साहिबगंज शामिल हैं।

वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.2 डिग्री सरायकेला में और सबसे कम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया।

इधर, मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ था, लेकिन दोपहर बाद आंशिक बादल छाए रहे और गर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।

वहीं, सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.2 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34 और न्यूनतम 20.3 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस एवं खूंटी में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *