राष्ट्रीय स्कूली हॉकी में झारखंड की बेटियों का जलवा
अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास
रांची।
मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित श्रीमंत राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में 2 से 7 जनवरी तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। झारखंड की बालिका टीम ने अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों के फाइनल मुकाबले जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खास बात यह रही कि दोनों ही फाइनल में झारखंड ने मेजबान मध्यप्रदेश को पराजित किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजमुनी कुमारी और सुष्मिता गुरिया के शानदार गोल की बदौलत झारखंड ने मध्यप्रदेश को 2-1 से शिकस्त दी। वहीं अंडर-19 वर्ग के फाइनल में रोशनी आइंद, गुलजन कुमारी और लेवनी हेमरम के बेहतरीन गोल की मदद से झारखंड की टीम ने मध्यप्रदेश को 3-2 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक भी जीत लिया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान झारखंड की बेटियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। लीग मैचों से लेकर फाइनल तक टीम ने विपक्षी टीमों पर दबदबा बनाए रखा। इस ऐतिहासिक सफलता में टीम के साथ कोच/मैनेजर के रूप में गईं एम्मा बारा, रजनी टोप्पो, आरती बाराइक और दिव्या रोज जोजो की रणनीति और मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही।
इस उपलब्धि पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतना पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
झारखंड की इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा सहित राज्य खेल कोषांग के सभी सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
