खेलझारखंड

नेहरू कप जीतकर लौटीं झारखंड की बेटियां, जेईपीसी परिसर में हुआ भव्य स्वागत

Jharkhand Hockey News: सिमडेगा की अंडर-17 बालिका हॉकी टीम ने फाइनल में सोनीपत की टीम को 2-1 से हराकर जीता खिताब, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने खिलाड़ियों को दी बधाई।

रांची: 32वें चरनजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीतकर लौटीं झारखंड की बेटियों का गुरुवार को झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी), रांची परिसर में भव्य स्वागत किया गया। राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन सहित परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम मैनेजर का अभिनंदन करते हुए इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

नई दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा की टीम ने डायरेक्टरेट जनरल एनसीसी, सोनीपत को 2-1 से पराजित कर नेहरू कप अपने नाम किया। इस जीत के साथ झारखंड की स्कूली हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है।

पहली बार झारखंड की अंडर-17 बालिका टीम बनी चैंपियन

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद को नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में राज्य की स्कूली टीमों की भागीदारी का दायित्व मिलने के बाद यह पहला मौका है, जब राज्य की अंडर-17 बालिका टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले वर्ष 2023 में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, बरियातू की टीम उपविजेता रही थी।

इस वर्ष सिमडेगा की टीम ने खिताब जीतकर राज्य की स्कूली हॉकी में नया इतिहास रच दिया। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन ने झारखंड को राष्ट्रीय हॉकी के मंच पर नई पहचान दिलाई है।

शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देने की पहल के दिख रहे परिणाम: शशि रंजन

स्वागत समारोह में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और मैनेजर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देने की विभागीय पहल सार्थक परिणाम दे रही है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटियों की यह ऐतिहासिक जीत उनकी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जेईपीसी के अधिकारियों ने किया खिलाड़ियों का अभिनंदन

सम्मान समारोह में प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, उपनिदेशक आशीष पांडेय, अतिरिक्त वित्त नियंत्रक ओम प्रकाश मिश्रा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग, सचिन कुमार, अनूपा तिर्की, ममता एलिजाबेथ लकड़ा, अंजना बाड़ा, अनिल कुमार दुबे, गौरव कुमार और अमित कुमार सहित परिषद के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने भी विजेता टीम का स्वागत किया और खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। झारखंड की इस जीत को राज्य में स्कूली खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *