Home

सीनियर फेडरेशन कप राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड को दो कांस्य पदक

रिया कुमारी और अभिषेक कुमार ने शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया राज्य का मान
गाजियाबाद/रांची, 14 फरवरी 2026।
सीनियर फेडरेशन कप राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के अंतिम दिन झारखंड के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 14 फरवरी 2026 तक गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश में किया गया था।

झारखंड की ओर से महिला वर्ग में रिया कुमारी ने 53 किलोग्राम भार वर्ग में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं पुरुष वर्ग में अभिषेक कुमार ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया।

झारखंड को कुल दो पदक
प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने कुल दो पदक हासिल किए, जिनमें—

अभिषेक कुमार – कांस्य पदक (60 किग्रा)

रिया कुमारी – कांस्य पदक (53 किग्रा)

दोनों खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य के खेल जगत में खुशी की लहर है।

पदक विजेताओं को दी गई बधाई
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में सफलता मिलने पर झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर (भा.प्र.से.), खेल निदेशक आसिफ एकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार, अभिभावक के. रवि कुमार (भा.प्र.से.), मार्गदर्शक भोलानाथ सिंह, महासचिव रजनीश कुमार, विजय शंकर सिंह, राजीव रंजन सहित सभी जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं सचिवों तथा खेल विभाग के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

खेल अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि राज्य के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में झारखंड के पहलवान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *