प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड महिला हॉकी टीम की धमाकेदार जीत, तमिलनाडु को 30-0 से रौंदा
रायपुर (छत्तीसगढ़) : खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 02 अप्रैल तक आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड महिला हॉकी टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु को 30-0 के बड़े अंतर से पराजित किया।
मैच के शुरू से ही झारखंड टीम पूरी तरह हावी रही और आक्रामक खेल के साथ बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया। इस एकतरफा मुकाबले में टीम की खिलाड़ी सेलस्टिना होरो ने सर्वाधिक 6 गोल दागकर जीत की मुख्य नायिका रहीं। वहीं निशा मिंज ने 5 गोल किए, जबकि अनीशा डुंगडुंग ने 4 गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। रोशनी ऐंड ने 3 गोल कर विपक्षी टीम की रक्षा पंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा स्वीटी डुंगडुंग एवं पार्वती टोपनो ने 2-2 गोल का योगदान दिया। वहीं बालो होरो, मनीला बागे, सरोज कुमारी, प्रेनी कंडीर, सिलबिया नाग, रजनी केरकेट्टा, सुष्मिता कुल्लू एवं कौशल्या कुमारी ने 1-1 गोल कर टीम की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तरह झारखंड टीम ने कुल 30 गोल कर अपनी जबरदस्त आक्रामक क्षमता का प्रदर्शन किया।
टीम की इस शानदार सफलता में कोच करुणा पूर्ति की रणनीति और अनुशासित प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम मैनेजर अमित रंजना मिंज ने टीम प्रबंधन को कुशलतापूर्वक संभाला, जबकि डॉक्टर एवं फिजियो शशांक सौरभ ने खिलाड़ियों की फिटनेस और रिकवरी सुनिश्चित की।
इस प्रभावशाली जीत से झारखंड महिला हॉकी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी प्रदर्शन को दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य के खेल प्रेमियों में इस जीत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
विजेता टीम को मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव श्री मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, उपनिदेशक श्री राजेश कुमार, मणिकांत, देवेंद्र सिंह, नोडल पदाधिकारी उमेश लोहरा एवं हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों सहित राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई दी।

