रांची

झारखंड में पहली बार बैलेट पेपर से होंगे नगर निकाय चुनाव, EVM की कमी के चलते राज्य निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला

चुनाव

Ranchi : झारखंड में पहली बार नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने आने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर यह अहम फैसला लिया है। अब तक राज्य में हुए सभी नगर निकाय चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल किया जाता रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि ईवीएम की अनुपलब्धता के कारण यह निर्णय लिया गया है। आयोग के पास मौजूद ईवीएम की उम्र पूरी हो चुकी है और जरूरत के अनुसार नए ईवीएम उपलब्ध नहीं हैं। इसके लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता थी, लेकिन बिहार सहित झारखंड के पड़ोसी राज्यों ने ईवीएम देने से इनकार कर दिया है।

वहीं, ईवीएम बनाने वाली कंपनी ने नए ईवीएम तैयार करने के लिए एक साल का समय मांगा है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने कहा कि इन सभी कारणों को देखते हुए इस बार बैलेट पेपर से नगर निकाय चुनाव कराने का फैसला लिया गया है।

अलग-अलग रंग के होंगे बैलेट पेपर
नगर निकाय चुनाव में बैलेट पेपर अलग-अलग रंगों के होंगे। अध्यक्ष पद के लिए एक रंग का बैलेट पेपर होगा, जबकि वार्ड सदस्य के लिए दूसरे रंग का बैलेट पेपर दिया जाएगा। मतदाताओं को मतदान के दौरान दो बैलेट पेपर मिलेंगे, जिन्हें अलग-अलग बैलेट बॉक्स में डालना होगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, बैलेट बॉक्स की पर्याप्त संख्या उपलब्ध है। जिलों में मतदान केंद्रों की संख्या के अनुसार इसका आकलन कर लिया गया है और बैलेट बॉक्स की रंगाई-पुताई का काम भी किया जा रहा है।

रांची में होगी बैलेट पेपर की छपाई
बैलेट पेपर की छपाई के लिए प्रिंटिंग प्रेस के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अब तक बैलेट पेपर कोलकाता में छपवाए जाते थे, लेकिन इस बार इन्हें स्थानीय स्तर पर रांची में ही छापने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रिंटिंग प्रेस के चयन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *