Home

झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 200 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों का तबादला और नई पोस्टिंग

Ranchi : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य पुलिस सेवा में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। जारी अधिसूचना के मुताबिक 200 से अधिक पुलिस अधिकारियों का तबादला और नई पदस्थापना की गई है। कई अधिकारियों को प्रमोशन भी दिया गया है और उन्हें अलग-अलग जिलों और इकाइयों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह आदेश 20 मई 2026 को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। इस फेरबदल में रांची, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, गढ़वा, पलामू, गुमला, चतरा, हजारीबाग, दुमका, साहेबगंज समेत कई जिलों के पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। कई SDPO और डीएसपी का स्थानांतरण किया गया है। वहीं कई अधिकारियों को विशेष शाखा, ट्रैफिक, साइबर सेल और IRB जैसी इकाइयों में भेजा गया है। अधिसूचना में कई अधिकारि डीएसपी  की कोटि में प्रोन्नति दी गई है। प्रमोशन के बाद उन्हें विभिन्न जिलों और इकाइयों में पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा कई प्रशिक्षु और परिवीक्षाधीन अधिकारियों को भी नई जगह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस ट्रांसफर लिस्ट में विशेष शाखा, साइबर सेल, झारखंड जगुआर, IRB और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में भी बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। कई अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक और अभियान इकाइयों में भी भेजा गया है, जिससे जिलों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी दिख रही है।

जिन अधिकारियों की पोस्टिंग अभी तय नहीं की गई है, उन्हें पुलिस मुख्यालय, रांची में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। सरकार ने साफ किया है कि सभी अधिकारी नए आदेश के अनुसार तुरंत अपनी नई तैनाती पर योगदान देना सुनिश्चित करें। इतनी बड़ी संख्या में तबादले को राज्य में पुलिस प्रशासन को और चुस्त-दुरुस्त करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे जिलों में कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को और बेहतर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *