रांची

राष्ट्रीय स्कूल फुटबॉल में झारखंड का जलवा, जम्मू-कश्मीर को 3-0 से हराकर फाइनल में पहुंची अंडर-14 टीम

सुमित पूर्ति ने दागे दो गोल, नितेश धनवार ने किया एक गोल; 17 नवंबर को खिताबी मुकाबले में दिल्ली से होगी भिड़ंत

रांची, 16 नवंबर। 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता (एसजीएफआई) 2026-27 में झारखंड की अंडर-14 बालक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में झारखंड ने जम्मू-कश्मीर की टीम को 3-0 गोल से पराजित किया। अब 17 नवंबर को खिताबी मुकाबले में झारखंड का सामना दिल्ली की टीम से होगा।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही राज्य की टीम ने सेमीफाइनल में शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया। झारखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और अनुशासित खेल के दम पर जम्मू-कश्मीर की टीम को मुकाबले में वापसी का मौका नहीं दिया।

सुमित पूर्ति ने किए दो गोल

झारखंड की जीत में सुमित पूर्ति ने अहम भूमिका निभाते हुए दो गोल दागे, जबकि नितेश धनवार ने एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत झारखंड ने 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर फाइनल का टिकट हासिल किया।

दिल्ली से होगा खिताबी मुकाबला

अब झारखंड की टीम 17 नवंबर को फाइनल में दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। टीम के कोच अभिजीत मंडल और मैनेजर जितेंद्र कच्छप के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहे हैं।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना के साथ सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज की है। यह राज्य में स्कूली खेलों के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि फाइनल में पहुंचना खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के समर्पण का परिणाम है। उन्हें विश्वास है कि टीम फाइनल में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर राज्य के लिए खिताब जीतने में सफल होगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *