खेलरांची

झारखंड में पहली बार होगी राज्य सीनियर महिला फुटबॉल लीग

छह टीमें लेंगी हिस्सा, 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक खेलगांव में प्रस्तावित आयोजन

रांची, संवाददाता। झारखंड में महिला फुटबॉल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और राज्य की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच देने के उद्देश्य से पहली बार झारखंड राज्य सीनियर महिला फुटबॉल लीग का आयोजन किया जाएगा। यह झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन (JFA) से मान्यता प्राप्त राज्य स्तरीय आधिकारिक महिला फुटबॉल लीग होगी और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) की आधिकारिक प्रतियोगिता संरचना का हिस्सा होगी।

लीग की खास बात यह है कि यह झारखंड की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को इंडियन विमेंस लीग-2 (IWL 2) तक पहुंचने का आधिकारिक मार्ग प्रदान करेगी। IWL 2 देश के शीर्ष महिला फुटबॉल स्तर तक पहुंचने की महत्वपूर्ण सीढ़ी है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने और आगे भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन के लिए अवसर मिल सकता है।

छह टीमें लेंगी हिस्सा

ऐतिहासिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कुल छह क्लब हिस्सा लेंगे। इनमें युवा (Yuwa), जेएसएसपीएस (JSSPS), स्टार वॉरियर फुटबॉल क्लब, शारदा फुटबॉल एकेडमी, जीटी डार्क हॉर्स और स्वामी विवेकानंद फुटबॉल क्लब शामिल हैं।

सभी टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा के साथ पेशेवर माहौल में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रस्तावित आयोजन

राज्य सीनियर महिला फुटबॉल लीग का आयोजन 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के मुकाबले खेलगांव, रांची में कराए जाने की योजना है। पूरी प्रतियोगिता का आयोजन BEDX Ventures एवं Crusaders Football Club द्वारा किया जा रहा है।

लीग के सभी मुकाबले निर्धारित प्रतियोगिता नियमों और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानकों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को लगातार उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलेगा।

राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की पहल

आयोजकों के अनुसार, यह लीग महज एक फुटबॉल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि झारखंड की महिला फुटबॉल प्रतिभाओं को जिला और राज्य स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को नियमित प्रतिस्पर्धा, बेहतर एक्सपोजर और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

झारखंड राज्य सीनियर महिला फुटबॉल लीग के माध्यम से राज्य की महिला खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल मैदान से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का नया रास्ता तैयार करने की पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *