राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप की विजेता झारखंड टीम सम्मानित
रांची, 14 अगस्त 2025: 1 अगस्त से 12 अगस्त 2025 तक हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विजयी रही झारखंड की टीम जब कल देर शाम रांची पहुँची, तो उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
आज खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड के निदेशक श्री शेखर जमुआर (IAS) ने टीम की सभी 18 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर झारखंड ओलंपिक संघ के श्री शिवेंद्रू दुबे, हॉकी झारखंड के महासचिव श्री विजय शंकर सिंह, तथा खेल विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
विजेता टीम की अधिकतर खिलाड़ी झारखंड सरकार द्वारा रांची, सिमडेगा और खूंटी में संचालित सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जो राज्य सरकार की खेल प्रतिभा को निखारने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यह जीत न केवल झारखंड राज्य के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि राज्य में खेल विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की सफलता को भी दर्शाता है।
