खेलरांची

राष्ट्रीय सब जूनियर हॉकी चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम का ट्रायल, 180 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

रांची। 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 में भाग लेने के लिए झारखंड टीम के गठन हेतु खिलाड़ियों का ट्रायल बुधवार को मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया गया।

गौरतलब है कि 1 अप्रैल 2026 से रांची, झारखंड में राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप तथा उसी दिन से बिहार के राजगीर में राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इसी प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए झारखंड टीम का चयन किया जा रहा है।

ट्रायल में झारखंड के सिमडेगा, खूंटी, गुमला, रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर समेत विभिन्न जिलों से कुल 180 खिलाड़ियों ने भाग लिया। महिला और पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों का अलग-अलग ट्रायल लिया गया। इसके बाद महिला वर्ग से 30 खिलाड़ी और पुरुष वर्ग से 32 खिलाड़ियों का चयन किया गया।

चयनित खिलाड़ियों के लिए 18 मार्च से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों को अंतिम रूप से झारखंड टीम में शामिल किया जाएगा, जो राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ट्रायल के दौरान चयनकर्ता के रूप में भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा, असरिता लकड़ा, मनोज कोनबेगी, गुरमीत राव और विजय शंकर सिंह उपस्थित थे। इसके अलावा ट्रायल को सफल बनाने में कई पीईटी शिक्षकों का भी सहयोग रहा।

यह जानकारी हॉकी झारखंड की ओर से दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *