वर्ल्ड अर्निस गेम्स 2026 के लिए झारखंड की टीम दिल्ली रवाना, छह खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
रांची। वर्ल्ड अर्निस गेम्स 2026 में भाग लेने के लिए झारखंड अर्निस टीम दिल्ली रवाना हो गई। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 4 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा।
झारखंड के लिए गौरव की बात है कि राज्य के छह खिलाड़ियों का चयन भारतीय अर्निस टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों में लखन उरांव, आरीत उरांव, अरहान आलम, ईशान भगत, कुमकुम विश्वकर्मा और अध्विक उरांव शामिल हैं।
वहीं, झारखंड अर्निस एसोसिएशन के महासचिव सिफू बिस्वजीत कर्मकार का चयन प्रतियोगिता के लिए ऑफिशियल के रूप में किया गया है।
टीम के दिल्ली रवाना होने के अवसर पर खिलाड़ियों और ऑफिशियल का उत्साहवर्धन किया गया। संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
झारखंड अर्निस परिवार ने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करेंगे और भारत के लिए पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।
