रांची

झारखंड टी–10 ब्लास्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन, खेल और संस्कृति का दिखा शानदार संगम

रांची : राजधानी रांची में आयोजित झारखंड टी–10 ब्लास्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह भव्य, उत्साहपूर्ण और यादगार माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर खिलाड़ियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों ने अतिथियों का जोरदार स्वागत किया।

समापन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आयोजन समिति के सदस्य, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान विभिन्न टीमों के बीच खेले गए मुकाबले बेहद रोमांचक रहे, जिसने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सभी अतिथियों ने सराहना की।

मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिकेट केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वे हमेशा खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के पक्षधर रहे हैं। झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने यह भी जानकारी दी कि लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज के क्रिकेट मैदान में आगामी 10 से 13 फरवरी तक एक बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में देश के नामचीन क्रिकेट खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और ईशांत शर्मा की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें सीखने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण विदेशी सांस्कृतिक प्रस्तुति रही। टूर्नामेंट के दौरान रूसी कलाकारों द्वारा वायलिन थीम पर विभिन्न अंदाज में प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों के लिए एक नया और यादगार अनुभव होगा। खेल और कला के इस अनोखे संगम ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

विशिष्ट अतिथि जेसीए अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन राज्य में क्रिकेट को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे टूर्नामेंट से नए और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान मिलती है, जिससे भविष्य में राज्य को बेहतर खिलाड़ी मिल सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

समापन समारोह के अंत में सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया और खेल भावना को कायम रखने का संदेश दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजकों, खिलाड़ियों और दर्शकों के योगदान की सराहना की गई। इस मौके पर अधिवक्ता सचितानंद चौधरी, देवाशीष कार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *