खेल

झारखंड की राज्य हॉकी टीम ने नेहरू सब जूनियर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में बनाई जगह


Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की अगुवाई में दिल्ली में चल रहे सरदार मनमोहन सिंह 42वें राष्ट्रीय नेहरू सब जूनियर हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड की राज्य हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।

दिल्ली स्थित शिवाजी स्टेडियम में आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 8 से 18 अक्टूबर 2025 तक चल रही है। अंडर-15 बालक वर्ग में झारखंड टीम ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए नामधारी हॉकी अकादमी, हरियाणा को 10-1 के विशाल अंतर से पराजित किया।

अब झारखंड टीम का सेमीफाइनल मुकाबला 17 अक्टूबर को नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर से होगा। यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि दोनों टीमें झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

गौरतलब है कि इस राष्ट्रीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में प्रत्येक राज्य से एक राज्य टीम और एक अकादमी टीम भाग लेती है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीर सिंह ने कहा कि “टीम के इस शानदार प्रदर्शन के पीछे विभाग द्वारा आयोजित 21 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का बड़ा योगदान रहा है। खिलाड़ियों ने पूरे समर्पण और मेहनत से खेला है। हमें विश्वास है कि सेमीफाइनल में भी टीम उसी उत्साह और जोश के साथ जीत दर्ज करेगी।”

झारखंड टीम कोच सैयद मोहम्मद मसरूर और मैनेजर बिरयानी कोंगरी के नेतृत्व में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है।

क्वार्टरफाइनल मुकाबले में झारखंड की ओर से साहिल होरो और साकेत प्रधान ने तीन-तीन गोल, जबकि सचिन भेंगरा और सुकवान भेंगरा ने दो-दो गोल दागे।

प्रतियोगिता के विजेता को ₹1,60,000, उपविजेता को ₹96,000, तथा दो उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ₹25,000-₹25,000 की नकद राशि से सम्मानित किया जाए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *