रिले प्रतियोगिता में झारखंड का जलवा: 4×100 मीटर मिक्स में स्वर्ण, पुरुष व महिला टीम ने जीते कांस्य पदक
रांची: द्वारा 28 मार्च को चंडीगढ़ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रथम इंटरनेशनल इनविटेशनल रिले एवं तीसरी नेशनल ओपन रिले प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल 01 स्वर्ण एवं 02 कांस्य पदक सहित 03 पदक अपने नाम किए। सीनियर वर्ग रिले स्पर्धा में यह झारखंड का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
4×100 मीटर मिक्स रिले में शिव कुमार सोरेन, अरसान अली, पूनम कुमारी एवं आकांक्षा कुमारी की चौकड़ी ने 44.95 सेकेंड का समय लेते हुए स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में बीएसएफ ने 45.23 सेकेंड के साथ रजत तथा असम ने 45.94 सेकेंड के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
वहीं 4×100 मीटर पुरुष रिले में शिव कुमार सोरेन, अरसान अली, दीपक टोप्पो एवं सदानंद कुमार की टीम ने 41.10 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में उड़ीसा ने 40.47 सेकेंड के साथ स्वर्ण तथा तमिलनाडु ने 40.51 सेकेंड के साथ रजत पदक हासिल किया।
इसी प्रकार 4×400 मीटर महिला रिले में आकांक्षा कुमारी, पूनम कुमारी, शिवानी कुमारी एवं आशा किरण बारला की टीम ने 3:57.26 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में जेएसडब्ल्यू ने 3:42.28 सेकेंड के साथ स्वर्ण तथा तमिलनाडु ने 3:51.42 सेकेंड के साथ रजत पदक प्राप्त किया।
झारखंड टीम ने कोच सह टीम मैनेजर आशु भाटिया के नेतृत्व में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आरिफ इकराम, उपनिदेशक राजेश कुमार सहित झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों एवं कोचों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
