एशियन लॉन बॉल में झारखंड का जलवा, दिनेश-नवनीत ने दिलाया दोहरा स्वर्ण
मलेशिया को हराकर भारत बना चैंपियन, झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
नई दिल्ली: नई दिल्ली में आयोजित 17वीं एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के अंतिम दिन झारखंड के खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। दिनेश महतो और दिल्ली के नवनीत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को दोहरा स्वर्ण पदक दिलाया।
पुरुष वर्ग के फोर्स स्पर्धा के फाइनल में दिनेश महतो, सुनील बहादुर (दोनों झारखंड), नवनीत (दिल्ली) और जयंता (असम) की टीम ने मजबूत मलेशियाई टीम को हराकर आसान जीत दर्ज की। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया और झारखंड को पुरुष वर्ग में चैंपियन घोषित किया गया।
इस शानदार उपलब्धि पर पी.टी. ऊषा ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनका हौसला बढ़ाया। वहीं झारखंड टीम के कोच मधुकांत पाठक ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।
झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू सहित खेल विभाग के अधिकारियों और आर.के. आनंद, सुनील खवाड़े, शेखर बोस समेत कई पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
मेडल सूची (झारखंड):
सीनियर वर्ग:
दिनेश महतो – 2 स्वर्ण
रूपा रानी तिर्की – 1 रजत, 1 कांस्य
सुनील बहादुर – 1 स्वर्ण, 1 कांस्य
रेशमा कुमारी – 1 रजत, 1 कांस्य
अंडर-25 वर्ग:
सौरव कुमार – 1 स्वर्ण
बसंती – 1 स्वर्ण
इस उपलब्धि से झारखंड के खेल जगत में खुशी की लहर है और खिलाड़ियों ने एक बार फिर राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
