खेल

26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल में झारखंड की शानदार जीत, केरल को 3–1 से हराया

भुवनेश्वर: 26वीं यूथ राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जाने वाली केरल टीम को 3–1 सेटों से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। यह रोमांचक मुकाबला Biju Patnaik Indoor Stadium में KIIT University और Kalinga Institute of Social Sciences के कैंपस में खेला गया, जहां दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन किया।

मुकाबले की शुरुआत में केरल की टीम ने बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए पहला सेट 25–19 से अपने नाम किया। हालांकि, पहला सेट गंवाने के बाद झारखंड की टीम ने शानदार वापसी की और दूसरे सेट में कड़ा संघर्ष करते हुए 25–23 से जीत दर्ज कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद तीसरे सेट में भी झारखंड के खिलाड़ियों ने संयम और बेहतर समन्वय का प्रदर्शन करते हुए 25–23 से जीत हासिल कर बढ़त बना ली।

चौथा सेट बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों के बीच लगातार कांटे की टक्कर देखने को मिली और हर अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ। अंततः झारखंड के खिलाड़ियों ने अद्भुत धैर्य और जुझारूपन का परिचय देते हुए 36–34 से सेट जीतकर मैच 3–1 से अपने नाम कर लिया।

इस जीत में खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम प्रबंधन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम के मैनेजर सत्यदेव सिंह, चीफ कोच संदीप राय तथा कोच प्रियरणजन और अमन लकड़ा ने रणनीतिक मार्गदर्शन देकर टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।

मुकाबले के दौरान Jharkhand Volleyball Association के संरक्षक शेखर बोस, कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सहाय, सचिव उत्तम राज तथा सीईओ निशिकांत पाठक भी मौजूद रहे और पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *