झारखंड

मांगों को लेकर धनबाद नगर निगम के मजदूरों ने की भूख हड़ताल

धनबाद, 24 अक्टूबर । धनबाद नगर निगम के कर्मचारियों ने अपनी 25 सूत्री मांगों को लेकर शनिवार को नगर निगम मुख्यालय परिसर में भूख हड़ताल और धरना दिया। अखिल भारतीय मजदूर संगठन की जिला इकाई, धनबाद नगर निगम कर्मचारी यूनियन ने ईएसआई और चिकित्सा सुविधा, वेतन वृद्धि और कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इस दौरान यूनियन सदस्यों और निगम अधिकारियों के बीच बहस भी हुई।

यूनियन ने आरोप लगाया कि धरने में शामिल होने आ रहे मजदूरों को नौकरी से हटाने और वेतन रोकने की धमकी दी गई। वहीं, निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के गेट के सामने से हटाया जा रहा था।

यूनियन ने 23 अक्टूबर को बैंक मोड़ क्षेत्र में सफाई के दौरान कार की चपेट में आए एक सफाईकर्मी का मामला भी उठाया। संगठन के मुताबिक, मजदूर की कमर की हड्डी में गंभीर चोट आई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। यूनियन ने घायल कर्मचारी को चिकित्सा सहायता और आर्थिक सहयोग देने की मांग की।

इसके अलावा, बोनस और वेतन में बढ़ोतरी, पीएफ समय पर जमा करने, सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान, एसीपी का लाभ और हर महीने वेतन पर्ची देने सहित कई मांगें रखी गईं। यूनियन ने कथित अनियमितताओं की जांच और नियमों के विरुद्ध हटाए गए कर्मचारियों के मामलों की समीक्षा की भी मांग की।

यूनियन अध्यक्ष अंजनी सिंह ने कहा कि आंदोलन मजदूरों के अधिकार, सुरक्षा और सम्मान के लिए है। उन्होंने मांगों का समाधान नहीं होने पर शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की बात कही। यूनियन ने नगर आयुक्त, महापौर और श्रम विभाग के समक्ष भी अपनी मांगें रखने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *