झारखंड राज्यसभा चुनाव में बढ़ी सरगर्मी, झामुमो और भाजपा उम्मीदवारों को लेकर अटकलें तेज

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है। कांग्रेस द्वारा गुरुवार देर शाम उम्मीदवार की घोषणा किए जाने के बाद इंडिया गठबंधन के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के फैसले के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो विधायकों की आपात बैठक बुलाई, जिसके बाद पार्टी ने राज्यसभा की दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का संकेत दिया है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने अधिकृत बयान जारी करते हुए कहा कि पार्टी 8 जून को अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी और उसी दिन नामांकन भी दाखिल किया जाएगा।
अंजली सोरेन और मिथिलेश ठाकुर के नाम चर्चा में
राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हैं कि झामुमो की ओर से किसे उम्मीदवार बनाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी बहन अंजली सोरेन और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। हालांकि अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के बाद ही लिया जाएगा। पार्टी किसी वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी को भी उम्मीदवार बनाने पर विचार कर सकती है।
भाजपा भी उम्मीदवार की घोषणा के करीब
इंडिया गठबंधन में चल रही खींचतान के बीच भाजपा ने भी अपनी रणनीति लगभग तय कर ली है। पार्टी सूत्रों के अनुसार गौरव वल्लभ को झारखंड से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि उनके नाम पर पार्टी नेतृत्व के बीच सहमति बन चुकी है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा हो सकती है।
गौरव वल्लभ पहले कांग्रेस में थे और जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर के रहने वाले गौरव वल्लभ का झारखंड से भी गहरा संबंध रहा है। उन्होंने वित्त विषय में पीएचडी की है और रांची स्थित Xavier Institute of Social Service (XISS) सहित कई प्रबंधन संस्थानों में लेखांकन और अर्थशास्त्र का अध्यापन किया है। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह के सदस्य हैं।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में बढ़ती गतिविधियों के बीच अब सभी की निगाहें 8 जून पर टिकी हैं, जब झामुमो अपने पत्ते खोलेगा और चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी।
