झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार
सदस्यता विस्तार में पूरे देश में रहा प्रथम स्थान
रांची : अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन का 28वां राष्ट्रीय अधिवेशन नई दिल्ली के अध्यात्म साधना केंद्र, छतरपुर में उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन सत्र में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर अधिवेशन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समाज ने सदैव सेवा, व्यापार और संस्कार की अद्वितीय परंपरा कायम की है। समाज ने जहां भी कदम रखा है, वहां विकास और प्रगति की नई मिसाल पेश की है।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन केवल आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता और प्रगति का संकल्प है। उन्होंने पूरे भारतवर्ष में संगठन की पहुंच को और विस्तार देने और नई शाखाओं की स्थापना करने का आश्वासन दिया। गोयनका ने केदारनाथ गुप्ता (कोलकाता) को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया।
झारखंड को मिला विशेष सम्मान
राष्ट्रीय अधिवेशन में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ने अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई। अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में झारखंड से 25 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष गोवर्धन प्रसाद गाड़ोदिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार केडिया, प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे।
अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल और प्रांतीय महामंत्री विनोद जैन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को 600 से अधिक नए सदस्यों का सदस्यता शुल्क सौंपा। इस उपलब्धि के लिए झारखंड प्रांतीय सम्मेलन को सदस्यता विस्तार में देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सम्मानित किया गया।
अधिवेशन में उठे मुद्दे
सम्मेलन में झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल और धनबाद जिला अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने ट्रस्ट से संबंधित मुद्दे को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन ट्रस्ट के महासचिव एवं पूर्व अध्यक्ष बसंत मित्तल ने भवन और 25 लाख रुपये की राशि नहीं दी है। इस पर राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने सभी पक्षों को साथ बैठाकर समाधान निकालने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं, मुकेश मित्तल ने सुझाव दिया कि सदस्यता शुल्क सीधे राष्ट्रीय स्तर पर जमा हो और फिर उसका हिस्सा प्रांत, जिला और शाखा को भेजा जाए ताकि संस्था की गरिमा बनी रहे। प्रांतीय उपाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल ने अनुशासन समिति बनाने की मांग की ताकि संगठन के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।
भजन संध्या से भरा उत्साह
अधिवेशन में जहां समाज की पुरानी उपलब्धियों का स्मरण हुआ, वहीं आने वाले वर्षों की कार्ययोजनाओं पर स्पष्ट दिशा तय की गई। पूर्व संध्या पर आयोजित भजन संध्या ने वातावरण को भक्ति और ऊर्जा से भर दिया। सम्मान समारोह में समाजसेवा की मिसाल बने लोगों को सम्मानित किया गया।
पूरे भारतवर्ष से आए प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति ने अधिवेशन को विशेष बना दिया। यह जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
