ईस्ट जोन अस्मिता योगासन लीग में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, कई पदक जीतकर रचा इतिहास
रांची। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में 28 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित ईस्ट जोन अस्मिता योगासन लीग (खेलो इंडिया) में झारखंड के योगासन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। झारखंड टीम ने इस प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन कर एक नया इतिहास रच दिया।
प्रतियोगिता के आर्टिस्टिक पेअर ए-18 वर्ग में माही कुमारी और कषक ने बेहतरीन तालमेल और कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं पम्मी कुमारी और आकांक्षा कुमारी को रजत पदक, जबकि स्मृति और अंजलि कुमारी, नेहा कुमारी और उषा माझी की जोड़ियों ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसके अलावा अंडर-18 वर्ग में तन्नू कुमारी, सृष्टि, काव्य, रेशमी कुमारी, सारिका, पंखुड़ी, पल्लवी और अर्चना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-5 में अपनी जगह बनाई और आगामी राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
झारखंड टीम का नेतृत्व टीम कोच रैना साव और मैनेजर निभा जी ने किया। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष मनोज तिवारी, सचिव चंदू कुमार, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, पूर्व सचिव विपिन पांडे, सह सचिव मलय डे, टेक्निकल डायरेक्टर प्रह्लाद भगत, पूजा सिंह, शंकर राणा, रांची कोषाध्यक्ष राहुल सिंह, राहुल रंजन सहित सभी पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में विजेता झारखंड खिलाड़ियों को भारत सरकार के खेल मंत्रालय की ओर से कुल तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय स्तर की अस्मिता खेलो इंडिया योगासन लीग का आयोजन आगामी दिनों में दिल्ली में योगासन भारत के तत्वावधान में किया जाएगा, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
