34वीं राष्ट्रीय बेंच प्रेस चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, टीम को मिला दूसरा स्थान
रांची : हरियाणा के फरीदाबाद में 7 से 11 जनवरी तक आयोजित 34वीं राष्ट्रीय बेंच प्रेस चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में झारखंड से कुल 49 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जबकि देशभर से लगभग 1600 पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप में झारखंड के कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इंद्रजीत सिंह (83 किग्रा वर्ग) और बिनोद पात्रा (66 किग्रा वर्ग) ने स्वर्ण पदक जीतने के साथ-साथ नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी स्थापित किया।
इसके अलावा आयुष कुमार (53 किग्रा), भास्कर वर्मा, रासबिहारी ठाकुर, रानी कुमारी (63 किग्रा) तथा दिव्यांशु आनंद (120+ किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड को गौरवान्वित किया।
वहीं रिया कंवर और श्रेष्ठ शांडिल्य ने रजत पदक अपने नाम किया।
प्रदीप कुमार, सुषांक काशी एवं आयुष गुप्ता को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर झारखंड टीम को टीम चैंपियनशिप में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ, जो राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर इंद्रजीत सिंह एवं देवी प्रसाद चटर्जी ने सभी सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी राज्य का नाम रोशन करेंगे।
