झारखंड के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास — जूनियर सुपर स्पीड खो-खो में बालक टीम को स्वर्ण, बालिका टीम को कांस्य पदक
रांची / जयपुर। झारखंड के खिलाड़ियों ने तृतीय राष्ट्रीय जूनियर सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। जयपुर (राजस्थान) में 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की बालक टीम ने स्वर्ण पदक तथा बालिका टीम ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।
यह प्रतियोगिता सुपर स्पीड खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में तथा राजस्थान राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ द्वारा आयोजित की गई थी।
फाइनल मुकाबले में झारखंड की बालक टीम ने गुजरात को 20-05 अंकों से हराकर चमचमाता स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, बालिका वर्ग में झारखंड की टीम ने नई दिल्ली को 16-11 अंकों से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। बालिका टीम ने लगातार दूसरे वर्ष पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।
पूरे टूर्नामेंट में झारखंड के शिवा कुमार को सर्वश्रेष्ठ धावक का पुरस्कार ट्रॉफी के साथ दिया गया।
झारखंड बालक टीम के उत्कृष्ट खिलाड़ी:
कप्तान सन्नी कुमार, उपकप्तान शिवम नायक, शिवा कुमार, रोहन कुमार, आकाश कुमार एवं अभिषेक उरांव।
झारखंड बालिका टीम की प्रमुख खिलाड़ी:
कप्तान पूजा कुमारी, अनुप्रिया उरांव, शालिनी कुमारी, योशि प्रिया एवं सोनी होरो।
इस शानदार उपलब्धि पर झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ॰ अजय झा, महासचिव विवेक कुमार, संयुक्त सचिव नीतीश कुमार साहू, संरक्षक सजल बनर्जी, कार्यकारी अध्यक्ष भरत कुमार, कोषाध्यक्ष सहजाद कुरैशी, वरीय उपाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी एवं श्रीमती एकता झा सहित संघ के सभी पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।
संघ के अध्यक्ष डॉ॰ अजय झा ने कहा कि यह जीत झारखंड के खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगी। उन्होंने हाई हाउसहोम कंपनी के संचालक दीपक बांडी और हेमंत मरांडी को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों को किट्स उपलब्ध कराए। झारखंड के इन युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
