झारखंड ओपन कराटे : मेज़बान टीम में शामिल होंगे 320 खिलाड़ी
रांची, 11 नवम्बर: राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 15 नवम्बर को राजधानी रांची के बहूबाज़ार स्थित बिशप स्कूल में दूसरी सिकोकई झारखंड ओपन कराटे चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड और इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में होगी।
मेज़बान टीम की घोषणा कर दी गई है, जिसमें रांची के विभिन्न स्कूलों और क्लबों से लगभग 320 खिलाड़ी शामिल किए गए हैं। इनमें 5 वर्ष से लेकर 40 वर्ष तक के पुरुष, महिला और बच्चे भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी अपने आयु वर्ग और वज़न वर्ग के अनुसार विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के ट्राइबल और माइनॉरिटी डेवलपमेंट कमिशन के चेयरमैन सह इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के तकनीकी निदेशक रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि रांची के कई स्कूलों एवं क्लबों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर खिलाड़ियों का चयन पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मेज़बान टीम के सभी खिलाड़ी पूरी तरह तैयार हैं और इस बार उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।
सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि टीम में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिनमें एरिक अनमोल टुडू, अनन्या ट्विंकल कुजूर, बृष्टि केरकेट्टा, मिस्टी कुमारी, अश्विनी खलखो, आदित्य राज, सुनिधि एंजेल एक्का, शाइनी शिमोना टोप्पो, मयंक कुमार दास और साहिल कुमार महतो प्रमुख हैं।
