झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन ने मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, खिलाड़ियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
रांची, 21 जून: झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन एवं रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम स्थित वुशु हॉल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों और खेल पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अत्यंत शानदार ढंग से आयोजित इस कार्यक्रम में रांची जिले के जिम्नास्टिक, वुशु, एथलेटिक्स, लॉन बॉल्स, नेटबॉल, ताइक्वांडो, हैंडबॉल एवं योग के खिलाड़ियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन एवं रांची जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारी भी योगाभ्यास में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम में झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे, निशिकांत पाठक, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, संजय झा, शब्बीर हुसैन, शैलेन्द्र दुबे, तूलिका श्रीवास्तव, रजनी बक्सी, डॉ. दीपक कुमार, गोविन्द झा, उत्तम राज, विष्णु कुमार एवं अनंत नाग चन्दन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिम्नास्टिक एवं योग खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत शानदार प्रदर्शन रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेंद्र नाथ दुबे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ, अनुशासित और सफल जीवन का आधार है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में चंचल भट्टाचार्य ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
