झारखंड मिक्स बॉक्सिंग के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, 4 स्वर्ण सहित 8 पदक जीतकर रचा इतिहास
रांची : झारखंड मिक्स बॉक्सिंग संघ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों ने कुल 4 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिचय दिया।
इस उपलब्धि से न केवल खिलाड़ियों और उनके परिजनों में खुशी की लहर है, बल्कि पूरे झारखंड को गर्व महसूस हुआ है। प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिणाम रहा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड मिक्स बॉक्सिंग टीम के कोच मोहम्मद इब्रार कुरैशी ने बताया कि खिलाड़ियों ने लंबे समय तक कठिन अभ्यास, अनुशासन और निरंतर मेहनत के बल पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों के समर्पण और दृढ़ संकल्प का प्रतिफल है।
पदक विजेता खिलाड़ी इस प्रकार हैं—
स्वर्ण पदक विजेता: आरती कुमारी, शिवदत्त लोहरा, कंचन कुमारी और स्नेहा कुमारी।
रजत पदक विजेता: तेजस्वी कुमार और रौनिका रशी।
कांस्य पदक विजेता: करिश्मा कुमारी और अंश कुमार सिंह।
कोच ने बताया कि सभी खिलाड़ी आज रात हटिया एक्सप्रेस से रांची के लिए रवाना होंगे। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर झारखंड मिक्स बॉक्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही कहा कि रांची पहुंचने पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
झारखंड मिक्स बॉक्सिंग खिलाड़ियों की यह सफलता राज्य के उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।
