प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड की शानदार शुरुआत, भारोत्तोलन में 1 रजत व 1 कांस्य पदक
रायपुर : खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 25 मार्च से 03 अप्रैल तक आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में झारखंड ने शानदार शुरुआत की है।
भारोत्तोलन प्रतियोगिता में झारखंड के बाबूलाल हेंब्रम ने 60 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक तथा ओम कुमार ने 65 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य का खाता खोला।
पुरुष हॉकी टीम की जीत से विजयी आगाज
झारखंड की पुरुष हॉकी टीम ने अपने पहले लीग मुकाबले में मेजबान छत्तीसगढ़ को 2-0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की। टीम ने पूरे मैच में संतुलित और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
महिला हॉकी टीम की 16-0 की ऐतिहासिक जीत
झारखंड महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे लीग मैच में गुजरात को 16-0 के बड़े अंतर से हराकर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा।
रोशनी एंड ने सर्वाधिक 5 गोल किए। इसके अलावा अनिमा डुंगडुंग, बालो होरो, सिलबिया नाग और प्रेनी कंडीर ने 2-2 गोल दागे। एंजेल पावी टोप्पो, जीनी सोय मुंडा और सरोज कुमारी ने 1-1 गोल कर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस शानदार प्रदर्शन में कोच करुणा पूर्ति की रणनीति, टीम मैनेजर अमिता रंजन मिंज का प्रबंधन तथा फिजियो डॉ. भगवान सोरेन की फिटनेस देखरेख की अहम भूमिका रही।
महिला फुटबॉल टीम की 9-1 से बड़ी जीत
झारखंड महिला फुटबॉल टीम ने अपने दूसरे लीग मैच में असम को 9-1 से हराकर शानदार प्रदर्शन किया।
अनीता डुंगडुंग ने 11वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद नमिता कुमारी (2 गोल), एलिजाबेथ एक्का, अमिता कुमारी, स्वर्णी कुमारी, सुष्मिता कुमारी, सावलिना डांग और अंजनी कुमारी ने गोल कर टीम को एकतरफा जीत दिलाई।
कोच बीना केरकेट्टा एवं नूपुर टोप्पो के मार्गदर्शन तथा टीम मैनेजर अजय सुभाष तिर्की के कुशल प्रबंधन में टीम ने बेहतरीन तालमेल और अनुशासन का परिचय दिया।
मुख्यमंत्री सहित गणमान्य लोगों ने दी बधाई
झारखंड की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री , खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम सहित कई गणमान्य व्यक्तियों एवं खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
झारखंड टीम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और टीम आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
