जामताड़ा

सऊदी अरब बस हादसे में भारतीयों की मौत पर झारखंड स्वास्थ्य मंत्री ने व्यक्त की संवेदना

Jamtara : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री एवं राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर इरफान अंसारी ने सऊदी अरब में हुई बस दुर्घटना में 42 भारतीयों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सोमवार को एक सड़क शिलान्यास के अवसर पर मंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और उनके परिवार वालों को इस दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।

डॉक्टर अंसारी ने बताया कि मृतक सभी भारतीय उमरा के लिए मक्का जा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की आधिकारिक सूची अभी उपलब्ध नहीं हुई है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मारे गए लोगों में झारखंड के नागरिक शामिल हैं या नहीं। इस अवसर पर मंत्री ने पबिया पंचायत के लोकानिया ग्राम में एक महत्वपूर्ण सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इसी गांव के उनके पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता ओवीन दास ने लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की थी, लेकिन बीते दिनों रांची में पैर फिसलने से उनकी मृत्यु हो गई। सड़क का शिलान्यास कर मंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सड़क निर्माण के महत्व पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि आसपास के आदिवासी गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं थी। लोगों की लगातार मांगों के बाद यह परियोजना पूरी हो रही है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार लोगों को किसी भी असुविधा नहीं होने देगी। सड़क शिलान्यास के बाद मंत्री ने पास में हो रही फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लिया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्होंने बाल में कीक मारकर खेल का शुभारंभ किया और सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ अपना प्रदर्शन जारी रखने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, इरशाद उल हक अरसी, मुखिया मनोरथ मरांडी, मवासर नवाज, निशापति हांसदा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *