राज्यपाल से अमेरिकी महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने की शिष्टाचार भेंट, झारखंड की सांस्कृतिक विरासत पर हुई चर्चा
रांची, 29 जुलाई । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास, कोलकाता की महावाणिज्य दूत कैथी जाइल्स-डियाज़ ने राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच झारखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विशेषताओं सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
राज्यपाल ने कैथी जाइल्स-डियाज़ को राज्य की प्राकृतिक संपदा, सांस्कृतिक धरोहर, धार्मिक पर्यटन और खनिज संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर राज्य है, जहां विविध धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल स्थित हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सावन माह में देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) और बासुकीनाथ मंदिर (दुमका) में कांवर यात्रा कर जलार्पण करने पहुंचते हैं। झारखंड में पारसनाथ, ईटखोरी, रजरप्पा और देउड़ी मंदिर जैसे अन्य प्रमुख आस्था केंद्र भी स्थित हैं, जो देश-विदेश के आगंतुकों को आकर्षित करते हैं।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि झारखंड के जलप्रपात और पहाड़ी क्षेत्र प्राकृतिक पर्यटन की असीम संभावनाओं से भरपूर हैं।
