रांची

झारखंड सरकार ने तीन नक्सलियों पर इनाम घोषित किया

झारखंड में करोड़ों के इनाम वाले बचे तीन नक्सली – NEWSWING

नक्सल हिंसा में घायल सीआरपीएफ के दो जवानों को 5.60 लाख रुपये की अनुदान राशि

रांची। झारखंड सरकार ने नक्सल विरोधी अभियान को और सख्त करते हुए तीन नक्सलियों के खिलाफ इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही नक्सल हिंसा में घायल हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों को कुल 5.60 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है। इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।

सरकार द्वारा जिन नक्सलियों पर इनाम घोषित किया गया है, वे सभी चाईबासा जिले के निवासी बताए गए हैं। चाईबासा जिले की रहने वाली फुलमनी कोड़ा के खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। इसी तरह चाईबासा जिला निवासी कोदोमुनि कोड़ा पर भी एक लाख रुपये का इनाम रखा गया है। वहीं, चाईबासा जिले के ही निवासी चोगो पूर्ति के खिलाफ भी एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। सरकार का मानना है कि इन नक्सलियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

वहीं, नक्सल अभियान के दौरान घायल हुए सीआरपीएफ के जवानों को सहायता प्रदान करते हुए सरकार ने अनुदान राशि स्वीकृत की है। गुमला जिले के मड़वा पहाड़ क्षेत्र में 13 जुलाई 2021 को नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए सीआरपीएफ जवान विश्वजीत कुंभकार को 2.10 लाख रुपये की अनुदान राशि दी गई है।

इसके अलावा खूंटी जिले के रनिया थाना क्षेत्र में 23 जुलाई 2012 को नक्सलियों द्वारा की गई गोलीबारी में घायल हुए सीआरपीएफ जवान सुनील कुमार को 3.50 लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद और घायल सुरक्षाकर्मियों के परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही नक्सल गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *