72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में झारखंड को मिली ऐतिहासिक जिम्मेदारी

रांची, 02 जनवरी 2026 : झारखंड राज्य के खेल इतिहास में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (VFI) द्वारा आयोजित 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) में झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण और निर्णायक जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 04 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2026 तक वाराणसी, उत्तर प्रदेश में आयोजित की जा रही है।
वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री रामानंद चौधरी द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार झारखंड के चार वरिष्ठ और अनुभवी खेल पदाधिकारियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु विभिन्न प्रमुख समितियों में नामित किया गया है। यह मनोनयन झारखंड वॉलीबॉल संघ की बढ़ती साख, कार्यकुशलता और राष्ट्रीय स्तर पर उस पर जताए गए विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।
झारखंड से नामित पदाधिकारी इस प्रकार हैं—
1. श्री शेखर बोस (संरक्षक, झारखंड वॉलीबॉल संघ) – सदस्य, जूरी कमेटी
2. श्री सुनील सहाय (कार्यकारी अध्यक्ष, झारखंड वॉलीबॉल संघ) – सदस्य, कंट्रोल कमेटी
3. श्री उत्तम राज (सचिव, झारखंड वॉलीबॉल संघ) – कोऑर्डिनेटर
4. श्री संजय कुमार (अंतरराष्ट्रीय निर्णायक) – प्रतियोगिता संचालन हेतु विभिन्न तकनीकी जिम्मेदारियाँ
कंट्रोल कमेटी, जूरी कमेटी, कोऑर्डिनेशन एवं निर्णायक जैसे दायित्व किसी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की रीढ़ माने जाते हैं। इन महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए झारखंड के अधिकारियों का चयन राज्य के खेल प्रशासन की पारदर्शिता, निष्पक्षता, अनुभव और समर्पण को दर्शाता है।
यह उपलब्धि न केवल झारखंड वॉलीबॉल संघ बल्कि पूरे राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और खेलप्रेमियों के लिए गर्व का विषय है। इससे यह स्पष्ट होता है कि झारखंड अब केवल प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भूमि ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय खेल प्रशासन में भी एक सशक्त और भरोसेमंद भूमिका निभा रहा है।
इन मनोनयनों पर झारखंड वॉलीबॉल संघ के चेयरमैन श्री सुबोध कान्त सहाय, अध्यक्ष श्री आर. के. आनंद सहित संघ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रति आभार जताया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड से नामित सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करेंगे।
यह सम्मान आने वाली युवा पीढ़ी, खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा तथा झारखंड में वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
