पूर्वी सिहंभूमि

Jharkhand News: थाने में महिला से दुष्कर्म के आरोप पर चंपाई सोरेन ने उठाए सवाल, पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- केवल निलंबन पर्याप्त नहीं, दोषी पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जाए

पूर्वी सिंहभूम, 1 नवंबर। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की घटना को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना पर नाराजगी जताई और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

चंपाई सोरेन ने कहा कि एक महिला न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पुलिस थाने पहुंचती है। यदि थाने के भीतर ही उसके साथ दुष्कर्म जैसी घटना हो जाए तो वह न्याय के लिए आखिर कहां जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला को आधी रात में नियमों की अनदेखी करते हुए बिना महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के थाने लाया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मियों को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है। दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। साथ ही, इस मामले में वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।

9 अक्टूबर की रात थाने में हुई कथित घटना

मिली जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात महिला अपने पति के साथ बाजार से लौट रही थी। रास्ते में पति-पत्नी के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसके बाद महिला ने पुलिस से सहायता मांगी। गम्हरिया पुलिस की पीसीआर टीम उसे रात करीब 12 बजे थाने लेकर पहुंची।

महिला की शिकायत के मुताबिक, थाने के एक कमरे में आराम करने के दौरान वायरलेस ऑपरेटर सिपाही नीरज लकड़ा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने शोर मचाने के बावजूद चार पुलिसकर्मियों पर मदद नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आत्मरक्षा में महिला ने चाकू से आरोपी सिपाही की अंगुली काट दी।

थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

मामले में शुक्रवार को शिकायत दर्ज होने के बाद एसपी मनोज स्वर्गियारी ने गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। आरोपित सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामले की जांच के लिए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। पुलिस ने घटनास्थल के रूप में चिह्नित कमरे को सील कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *