खेल

जापान के हॉकी मैदान पर झारखंड का बोलबाला, U-18 एशिया कप में नीतू कुमारी कर रहीं अंपायरिंग

रांची: जापान में आयोजित महिला एवं पुरुष अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का दबदबा देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां राज्य के आठ खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहीं झारखंड की बेटी नीतू कुमारी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंपायरिंग कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रही हैं।

29 मई से 6 जून तक जापान के काकामीगहारा में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नीतू कुमारी ने चाइनीज ताइपे और बांग्लादेश के बीच खेले गए पूल-बी मुकाबले में अंपायर की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले उन्होंने 29 मई को चीन और चाइनीज ताइपे के बीच हुए मैच में भी सफलतापूर्वक अंपायरिंग की थी।

रांची जिले के हरदाग गांव की निवासी नीतू कुमारी झारखंड की दूसरी महिला अंपायर हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंपायरिंग का अवसर मिला है। उनकी यह उपलब्धि राज्य की महिला हॉकी और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

नीतू की अंपायरिंग को देखने के लिए स्टेडियम में हॉकी झारखंड के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के अध्यक्ष मोहम्मद तैय्यब इकराम, हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष शेखर जे. मनोहरन तथा एशियाई हॉकी महासंघ के कई पदाधिकारी मौजूद थे। इस दौरान FIH अध्यक्ष मोहम्मद तैय्यब इकराम ने नीतू कुमारी की अंपायरिंग की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।

प्रतियोगिता में भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों में झारखंड के कुल आठ खिलाड़ी शामिल हैं, जो अपने शानदार प्रदर्शन और गोलों के माध्यम से टीम इंडिया की सफलता में योगदान दे रहे हैं।

झारखंड के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य की बेटियां अब केवल खिलाड़ी के रूप में ही नहीं, बल्कि अंपायरिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। नीतू कुमारी की उपलब्धि राज्य की महिला शक्ति और हॉकी संस्कृति की बढ़ती सफलता का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *