ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में झारखंड का दबदबा, चंदा और मिस्टी ने जीता स्वर्ण
जमशेदपुर में आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने जीते 15 गोल्ड, रांची के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
जमशेदपुर: जमशेदपुर के तुलसी भवन में शोतोकान शीगोकाई कराटे डू इंडिया के तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया शोतोकान शीगोकाई ओपन कराटे चैंपियनशिप के पहले दिन झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम किया।
प्रतियोगिता का संचालन मुंबई से आए एशियन कराटे फेडरेशन के रेफरी महावीर आर चौहान की देखरेख में हुआ। झारखंड टीम में शामिल रांची के खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण सहित कुल 4 पदक राज्य के खाते में जोड़े।
पदक विजेताओं में मिस्टी कुमारी ने 11-12 वर्ष काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि चंदा कुमारी ने 18 वर्ष महिला काता स्पर्धा में गोल्ड हासिल किया। इसके अलावा आदित राज को रजत और अनाया मृणालिनी कुजूर को कांस्य पदक मिला।
विजेता खिलाड़ियों को सुनील किस्पोट्टा ने पदक पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है और मेहनत से ही सफलता मिलती है।
इस मौके पर अनिल किस्पोट्टा, राकेश तिर्की, कुंदन उरांव और उमा शंकर महतो सहित कई गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
झारखंड के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य के खेल जगत में उत्साह का माहौल है और आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
