असम चुनाव में झारखंड कांग्रेस की एंट्री, 9 नेताओं को प्रचार की बड़ी जिम्मेदारी

Ranchi :आने वाले असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने झारखंड के नौ वरिष्ठ नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इन नेताओं को असम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पक्ष में चुनाव प्रचार की कमान दी गई है।
एआईसीसी ने जारी किया पत्र
झारखंड एआईसीसी प्रभारी के. राजू की ओर से जारी पत्र में यह जानकारी दी गई है। बताया गया है कि असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई के अनुरोध पर इन नेताओं का चयन किया गया है। इन नेताओं को जल्द ही असम के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार की जिम्मेदारी दी जाएगी, जहां वे कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं और संगठनात्मक कार्यक्रम करेंगे।
इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी
कांग्रेस ने जिन नेताओं को यह जिम्मेदारी दी है, उनमें सांसद सुखदेव भगत का नाम शामिल है। इसके अलावा झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह और मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को भी प्रचार अभियान में अहम भूमिका दी गई है। सूची में वरिष्ठ विधायक रामेश्वर उरांव, विधायक ममता देवी, रामचंद्र सिंह, सोना राम सिंकू और नमन बिक्सल कोंगारी का नाम भी शामिल है। इसके अलावा झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और रांची की पूर्व मेयर रमा खलखो को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया गया है।
असम चुनाव में सक्रिय हैं हेमंत सोरेन
असम चुनाव को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी सक्रिय नजर आ रहे हैं। असम कांग्रेस के कई नेताओं की उनसे रांची में मुलाकात हो चुकी है। बताया जा रहा है कि चुनाव को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच तालमेल को लेकर भी चर्चा चल रही है। पार्टी का समर्थन है कि संयुक्त रणनीति के जरिए चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है।
