खेलझारखंड

खिलाड़ियों के लिए सीधी नियुक्ति नियमावली जारी, झारखंड में खुशी की लहर

  • खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा अवसर, सीधी नियुक्ति नियमावली से झारखंड खेल में छुएगा नई ऊँचाइयां : डॉ. मधुकांत पाठक
  • राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिलेगा सरकारी नौकरी का अवसर, पुराने खिलाड़ियों को भी मिलेगा लाभ

    रांची: झारखंड सरकार ने खिलाड़ियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित सीधी नियुक्ति नियमावली-2026 जारी कर दी है। इस फैसले के बाद राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों में खुशी की लहर है। नई नियमावली लागू होने से खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सरकारी सेवा में सीधे नियुक्ति का अवसर मिलेगा, जिससे राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

    झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. मधुकांत पाठक ने इस नियमावली को खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण और संतोषजनक बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राज्य के खिलाड़ी ऐसी नीति की प्रतीक्षा कर रहे थे, जिससे उनकी खेल उपलब्धियों को सम्मान मिल सके और भविष्य सुरक्षित हो सके।

    उन्होंने कहा कि नियमावली लागू होने से खिलाड़ियों को अधिक मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी और वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

    डॉ. पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मंशा रही है कि राज्य के खिलाड़ियों को रोजगार के अधिक अवसर मिलें और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले। इसी सोच के तहत यह नीति लागू की गई है।

    उन्होंने बताया कि नई नियमावली में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी सरकारी सेवा में सीधी नियुक्ति का प्रावधान किया गया है। इससे खिलाड़ियों को यह विश्वास मिलेगा कि खेल के माध्यम से भी वे अपना भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।

    डॉ. पाठक ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले सभी खिलाड़ी इस नियमावली के तहत नौकरी के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी इस नीति का लाभ मिलेगा।

    उन्होंने बताया कि नियमावली में यह भी प्रावधान किया गया है कि जो खिलाड़ी पहले से किसी सरकारी सेवा में कार्यरत हैं, वे भी अपनी खेल उपलब्धियों के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में पहले से लागू दो प्रतिशत खेल कोटा आरक्षण भी जारी रहेगा।

    डॉ. पाठक ने इस नियमावली के लिए खेल मंत्री सुदिव्य कुमार और तत्कालीन खेल सचिव मनोज कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विभाग के अधिकारियों के सहयोग से ऐसी नीति तैयार की गई है, जिससे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को लाभ मिल सके।

    उन्होंने विश्वास जताया कि इस नियमावली से राज्य के हजारों खिलाड़ियों को नई उम्मीद मिली है और आने वाले समय में झारखंड खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *