रांची

झारखंड में JSSC CGL नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होने पर जश्न, सीएम ने अभ्यर्थियों को दी बधाई

रांची: झारखंड हाईकोर्ट द्वारा JSSC CGL परीक्षा की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति मिलते ही पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई। गुरुवार को बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थी ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां सीएम हेमंत सोरेन ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। सीएम ने कहा, “यदि इरादे नेक हों, तो नतीजे हमेशा बेहतर होते हैं।” उन्होंने बताया कि JSSC परीक्षा से जुड़ी सारी बाधाएं अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी हैं। भले ही नियुक्ति प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई, लेकिन सरकार की कोशिश थी कि पहली वर्षगांठ पर ही अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएं।

सरकार ने की निष्पक्ष जांच: सीएम

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ विरोधी तत्व लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में व्यवधान डालने की कोशिश करते रहते हैं। JSSC मामले में भी ऐसी ही साजिशें हुईं, लेकिन सरकार ने पारदर्शी तरीके से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की। हाईकोर्ट ने भी अभ्यर्थियों के ईमानदार प्रयासों को समझते हुए न्यायपूर्ण फैसला दिया।

जेपीएससी को लेकर भी बड़ा दावा

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले 18 वर्षों में जितनी परीक्षाएं JPSC नहीं करा पाया, उतनी परीक्षाएं राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में सफलतापूर्वक पूरी की हैं। उनकी सरकार में सभी परीक्षाएं निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित की गईं।

युवाओं के विकास पर सरकार का फोकस

सीएम ने कहा कि राज्य तभी प्रगति करेगा, जब उसके युवा सुरक्षित, खुशहाल और रोजगारयुक्त होंगे। इसी सोच के साथ सरकार युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए लगातार काम कर रही है।

अभ्यर्थियों ने जताया आभार

सफल अभ्यर्थियों ने सीएम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छा शक्ति और सरकार द्वारा कराई गई निष्पक्ष जांच की वजह से आज उन्हें न्याय मिला है। उन्होंने माना कि संघर्ष की इस जीत में मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *