झारखंड बंद : रांची में बंद का दिखा व्यापक असर,न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतरे आदिवासी संगठ

Ranchi : पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए झारखंड बंद का असर शनिवार को राजधानी रांची में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर उतर आए और विभिन्न इलाकों में टायर जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़कों को जाम कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई।
टायर जलाए जाने के कारण कई इलाकों में धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर सुबह के समय दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को भारी दिक्कतें हुईं। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, वहीं कुछ रूटों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बाधित रहा।
बंद के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने और सड़क से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक की भी खबर है, हालांकि स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में लापरवाही बरत रहा है।
फिलहाल राजधानी रांची में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। हालांकि, कई इलाकों में आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित बना हुआ है। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
