Home

बढ़ते अपराधों के खिलाफ डीजीपी से मिलेगा ज्वेलर्स एसोसिएशन

रांची, 08 जुलाई । अखिल भारतीय स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन (रजि.) झारखंड की ओर से स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लगातार हो रही लूट, चोरी और आपराधिक घटनाओं को लेकर बुधवार को आपात बैठक आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी ने करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई और व्यवसायियों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की।

वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील पोद्दार ने बताया कि बैठक में गुमला जिले के पालकोट स्थित माही ज्वेलर्स के संचालक मनीष सोनी से दिनदहाड़े करीब 40 लाख रुपये के आभूषणों की लूट की घटना की कड़ी निंदा की गई। संगठन के अनुसार, दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को दो बाइक पर सवार पांच हथियारबंद अपराधियों ने घेर लिया, मारपीट की और हवाई फायरिंग कर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

इसके अलावा नगडी क्षेत्र में हाल में हुई चोरी की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा गया कि लगातार हो रही वारदातों से स्वर्ण व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल है। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रदेश अध्यक्ष गोपाल प्रसाद सोनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से मुलाकात करेगा।

प्रतिनिधिमंडल प्रमुख बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, स्वर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग करेगा।

बैठक में नंदलाल साहू, मनोज सोनी, शंभू प्रसाद, त्रिभुवन प्रसाद, पंकज प्रसाद, रामबालक सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *