पूर्वी सिहंभूमि

समाज और उद्योग को जोड़ने वालों को मिला जेसीएफ सम्मान

जेसीएफ

Jamshedpur : जमशेदपुर सिटीजन फोरम (जेसीएफ) की ओर से मंगलवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और कॉरपोरेट जगत में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना था। जेसीएफ एक गैर-राजनीतिक संगठन है, जो नागरिकों, कॉरपोरेट संस्थानों और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए काम करता है। संगठन पिछले कई वर्षों से समाज सेवा में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करता आ रहा है।

वर्ष 2024–25 के लिए कॉरपोरेट क्षेत्र से टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (सेफ्टी, हेल्थ एवं सस्टेनेबिलिटी) राजीव मंगल और इंडस्ट्रियल बाय-प्रोडक्ट्स मैनेजमेंट डिवीजन (आईबीएमडी) के एक्जीक्यूटिव इन-चार्ज दीपांकर दासगुप्ता को “कॉरपोरेट पुरुष अवार्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सामाजिक नेतृत्वकर्ता और समाजसेवी विकास सिंह को उनके निस्वार्थ योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम रहे। जेसीएफ के अध्यक्ष एके श्रीवास्तव ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को संवेदनशील और प्रगतिशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जेसीएफ अध्यक्ष एके श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन का उद्देश्य ऐसे गुमनाम नायकों को पहचान दिलाना है, जो बिना किसी निजी लाभ की अपेक्षा किए समाज सेवा में लगातार लगे रहते हैं। सम्मान ग्रहण करते हुए राजीव मंगल ने यह पुरस्कार टाटा स्टील की “प्रोजेक्ट आलिंगना” टीम को समर्पित किया। वहीं दीपांकर दासगुप्ता ने “प्रोजेक्ट अरुणांक” के माध्यम से सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन जेसीएफ के संयुक्त महासचिव कमांडर संजीव रमन ने किया, जबकि महासचिव अरविंद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में कॉरपोरेट जगत, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *