पूर्वी सिहंभूमि

Jamshedpur Crime: EMI का पैसा मांगने पर मोबाइल दुकान में घुसकर मारपीट, 60 हजार रुपये लूटने का आरोप

Jamshedpur Crime: पूर्वी सिंहभूम के मानगो थाना क्षेत्र में मोबाइल की ईएमआई को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मुंशी मोहल्ला स्थित फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर में सोमवार सुबह छह-सात नकाबपोश युवकों के घुसने और दुकानदार के साथ मारपीट करने का आरोप है। दुकानदार नसीम हुसैन ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान गल्ले से करीब 60 हजार रुपये निकाल लिए गए।

घटना के दौरान स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मोबाइल की EMI को लेकर शुरू हुआ विवाद

दुकान मालिक नसीम हुसैन के अनुसार, एक युवक ने बजाज फाइनेंस के माध्यम से किस्त पर मोबाइल खरीदा था। आरोप है कि मोबाइल खरीदने के बाद उसने पहली ही किस्त जमा नहीं की।

दुकानदार का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से युवक से फोन पर संपर्क कर बकाया ईएमआई जमा करने के लिए कहा जा रहा था। सोमवार सुबह दुकानदार ने उक्त युवक को दुकान के बाहर से गुजरते देखा। उन्होंने उसे रोककर बकाया किस्त जमा करने को कहा।

बताया गया कि युवक ने कुछ देर बाद रुपये देने की बात कही और वहां से चला गया।

कुछ देर बाद नकाबपोश युवकों के साथ पहुंचा

आरोप है कि कुछ समय बाद वही युवक छह-सात अन्य युवकों के साथ फ्रेंड्स मोबाइल स्टोर पहुंचा। दुकानदार के मुताबिक, सभी युवकों ने चेहरे ढक रखे थे।

नसीम हुसैन ने जब युवकों को दुकान से बाहर जाने के लिए कहा, तो कथित तौर पर उन्होंने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का भी आरोप है।

दुकानदार का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने दुकान के गल्ले से करीब 60 हजार रुपये निकाल लिए और वहां से भागने लगे।

स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ा

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को पकड़ लिया गया। बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही घटना में लूट, मारपीट और तोड़फोड़ से जुड़े आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *