जमशेदपुर में दीपावली पर आग की दो घटनाओं से मची अफरा-तफरी, यज्ञ स्थल और मकान में लगी आग; बाइक जलकर राख
Jamshedpur News: गोलमुरी के केबुल बस्ती में पटाखे की चिंगारी से श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ स्थल में लगी आग, बिष्टुपुर के धतकीडीह में मकान में भड़की लपटें; दमकल ने पाया काबू
जमशेदपुर: दीपावली के मौके पर जमशेदपुर में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। गोलमुरी के केबुल बस्ती स्थित श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ स्थल और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह में आग लगने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। धतकीडीह में आग की चपेट में आने से एक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पटाखे की चिंगारी से यज्ञ स्थल में लगी आग
पहली घटना गोलमुरी के केबुल बस्ती स्थित श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ स्थल की है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली के दिन किसी व्यक्ति की ओर से जलता हुआ पटाखा यज्ञ स्थल की ओर फेंके जाने से आग लग गई। देखते ही देखते वहां से आग की लपटें उठने लगीं। इससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। बचाव कार्य में स्थानीय निवासी अनिल पांडेय, शैलेश कुमार और निशांत कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई।
बताया जाता है कि इसी वर्ष यहां श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ का आयोजन किया गया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यज्ञ स्थल को एक वर्ष तक उसी स्वरूप में सुरक्षित रखा जाता है। ऐसे में आग लगने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता देखी गई।
धतकीडीह में मकान में भड़की आग, बाइक जलकर राख
आग लगने की दूसरी घटना बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह में आंध्रा एसोसिएशन के समीप मैदान के पास हुई। रविवार देर रात एक मकान में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी।
इस दौरान आग मकान के अंदर खड़ी एक बाइक तक पहुंच गई। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय मकान के अंदर मौजूद एक व्यक्ति ने पीछे के दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
शॉर्ट सर्किट या पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
दोनों घटनाओं में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। धतकीडीह की घटना में स्थानीय लोगों ने शॉर्ट सर्किट अथवा पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई है। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
फिलहाल मकान को हुए नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। दीपावली के दौरान हुई इन दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अग्नि सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
