जैक मैट्रिक–इंटर परीक्षा 2026 आज से शुरू : 4.23 लाख परीक्षार्थी हुए शामिल, 23 फरवरी तक चलेगी परीक्षा

रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा–2026 की शुरुआत मंगलवार से हो गई। परीक्षा 23 फरवरी तक चलेगी। राज्यभर में शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन के लिए व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की गई हैं।
इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के लिए राज्य में कुल 1232 और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 757 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 4,23,861 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। इनमें मैट्रिक के 3,24,321 तथा इंटरमीडिएट के 99,540 परीक्षार्थी शामिल हैं।
रांची जिले में 139 परीक्षा केंद्र
रांची जिले में कुल 139 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मैट्रिक के 87 और इंटरमीडिएट के 52 केंद्र शामिल हैं। जिले में मैट्रिक के 32,723 और इंटर के 23,197 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठ रहे हैं।
कंट्रोल रूम स्थापित, 24 घंटे निगरानी
परीक्षा से संबंधित किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए जैक कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जानकारी अथवा शिकायत के लिए 79090-84613 और 93041-07317 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा रांची स्थित जैक कार्यालय, संताल परगना प्रमंडल कार्यालय दुमका सहित सभी प्रमंडलीय कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
अनुशासन बनाए रखने की अपील
जैक ने सभी केंद्राधीक्षकों और जिला प्रशासन को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों, शिक्षकों, परीक्षार्थियों एवं आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने पर सख्ती
जैक ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर फर्जी या पुराने प्रश्नपत्र वायरल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद केशरी ने बताया कि परीक्षा अवधि में शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। दोपहर 12.30 बजे और शाम 5 बजे के बाद खास निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
