ईशान किशन ने बाबा बैद्यनाथ के दरबार में टेका मत्था, वैभव सूर्यवंशी की जमकर की तारीफ
देवघर। भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार को अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में मत्था टेककर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के बाद ईशान ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की जमकर सराहना की। उन्होंने वैभव के खेल, आत्मविश्वास और बेखौफ अंदाज को खास बताते हुए कहा कि उसे मैदान पर बल्लेबाजी करते देखना काफी रोमांचक होता है।
ईशान किशन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और खेलने का तरीका उसे दूसरे खिलाड़ियों से अलग पहचान देता है। जिस आत्मविश्वास के साथ वह मैदान पर उतरता है, वह काबिल-ए-तारीफ है। उसका खेल दर्शकों को रोमांचित करने के साथ क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन भी करता है। ईशान को भरोसा है कि वैभव आने वाले समय में क्रिकेट की दुनिया में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि वैभव विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन करे, नए रिकॉर्ड बनाए और देश का नाम रोशन करे।
वैभव के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आश्वस्त दिखे ईशान
युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए ईशान ने उसके भीतर छिपी अपार संभावनाओं का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, वैभव का आत्मविश्वास और मैदान पर स्वाभाविक खेल उसे भविष्य का खास खिलाड़ी बनाता है। ईशान ने उम्मीद जताई कि वैभव अपनी प्रतिभा के दम पर क्रिकेट जगत में बड़ी पहचान कायम करेगा।
‘बाबा का बुलावा होता है, तो दर्शन के लिए चला आता हूं’
बाबा बैद्यनाथ मंदिर आने के पीछे किसी विशेष मन्नत या उद्देश्य से जुड़े सवाल पर ईशान किशन ने कहा कि वह किसी बड़े काम के पूरा होने का इंतजार करके बाबा के दरबार में नहीं आते। जब बाबा का बुलावा होता है, तो वह दर्शन के लिए चले आते हैं।
उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था है और इस दरबार से उनका भावनात्मक जुड़ाव भी है। यहां पहुंचकर उन्हें एक अलग तरह की अनुभूति होती है। उनके लिए बाबा के दरबार में आना केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि श्रद्धा और आत्मीयता से जुड़ा अनुभव है। यही विश्वास उन्हें बार-बार देवघर खींच लाता है। शुक्रवार को भी उन्होंने परिवार के साथ बाबा का आशीर्वाद लिया और वैभव सूर्यवंशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
