69वीं राष्ट्रीय विद्यालय एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारतीय खेल प्राधिकरण रांची झारखंड की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ओबामी मुर्मू ने
लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया राज्य का मान
लखनऊ के जी.जी.एस. स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के अंतर्गत गर्ल्स अंडर-17 लॉन्ग जंप स्पर्धा का फाइनल मुकाबला 17 दिसंबर 2025 को संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में झारखंड की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ओबामी मुर्मू ने 5.60 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया और राज्य को गौरवान्वित किया। स्पर्धा में पंजाब की खुशप्रीत कौर ने 5.58 मीटर के साथ रजत पदक, जबकि केरल की अनन्या एस. ने 5.42 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक प्राप्त किया ।
झारखंड की एक अन्य खिलाड़ी पृथ्वी ओरांव ने भी सराहनीय प्रदर्शन करते हुए 5.37 मीटर की छलांग के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया, जो राज्य की मजबूत एथलेटिक प्रतिभा को दर्शाता है ओबामी मुर्मू की इस शानदार उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, खेल सचिव, शिक्षा सचिव परियोजना निदेशक ,खेल निदेशक, झारखंड खेल प्राधिकरण, कोच, विद्यालय प्रबंधन, खेल संघों के पदाधिकारी एवं राज्य के खेल प्रेमियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने इसे झारखंड की बेटियों की मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा का परिणाम बताया है।
कोच विनोद कुमार सिंह का बयान :
“ओबामी मुर्मू ने इस प्रतियोगिता में जिस आत्मविश्वास और तकनीकी मजबूती का प्रदर्शन किया, वह काबिले-तारीफ है। लॉन्ग जंप जैसी तकनीकी स्पर्धा में लगातार संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन उसने हर प्रयास में परिपक्वता दिखाई। यह स्वर्ण पदक उसकी निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और टीम के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में वह राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी झारखंड और देश का प्रतिनिधित्व करेगी।”
