Home

जिला स्तरीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ

खूंटी , 16 सितंबर। झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में जिला स्तरीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को बिरसा कॉलेज और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के मैदान में किया गया।

प्रतियोगिता में अंडर-15 बालक और अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेश महतो ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का स्वागत किया। वहीं उपायुक्त ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष और आगे बढ़ने की सीख देता है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अनुशासित जीवन जीने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की बात कही।

इसके बाद उपायुक्त ने मैदान में दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने हॉकी स्टिक से गेंद खेलकर प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की।

मौके पर जिला खेल पदाधिकारी राजेश कुमार चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी दीप्ति कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सुरेश महतो, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *