साहिबगंज के बरहरवा में एमओ नंदन कुमार घूस लेते गिरफ्तार, दो महीने पहले ही हुई थी नियुक्ति

Sahebganj : ACB यानी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बरहरवा प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए एमओ नंदन कुमार को 40 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। सूत्रों की जानकारी के मुताबिक, नंदन कुमार की नियुक्ति सिर्फ दो महीने पहले JSSC-CGL के जरिए हुई थी। यह उनकी पहली पोस्टिंग थी और इतनी जल्दी ही ऐसा मामला सामने आने से विभाग और स्थानीय लोग हैरान हैं। बताया जाता है कि लगातार अवैध वसूली की शिकायत एसीबी तक पहुंच रही थी। शिकायत में कहा गया कि नंदन कुमार समय-समय पर पैसे वसूलते थे। शिकायत के आधार पर ही आज एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
जाल में फंसा अधिकारी
एसीबी की टीम ने पहले से योजना बनाई और शिकायतकर्ता को 40 हजार रुपये लेकर नंदन कुमार के पास भेजा। जैसे ही पैसे सौंपे गए, एसीबी टीम ने उन्हें घूस लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारी सादे कपड़ों में मौजूद थे ताकि किसी को शक न हो।
दुमका ले जाया गया हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद नंदन कुमार को दुमका एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है। अभी तक इस मामले में एसीबी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। बरहरवा में इस खबर से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग एसीबी की कार्रवाई को सराह रहे हैं, जबकि कुछ सरकारी कर्मचारियों में नाराज़गी भी देखने को मिली। डीलरों में राहत की भावना है कि शिकायत पर कार्रवाई हुई।
